गुवाहाटी , जनवरी 19 -- केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को आरोप लगाया कि राज्य में चुनाव होने हैं और ऐसे समय में प्रदेश में राजनीतिक असामंजस्य पैदा करने के दुर्भावनापूर्ण इरादे से उनके लेटरहेड और हस्ताक्षर का दुरुपयोग किया गया है।

।श्री सोनोवाल ने कहा कि उनका आधिकारिक लेटरहेड और उनके फर्जी हस्ताक्षर वाला एक जाली पत्र सोशल मीडिया पर अविश्वास पैदा करने और नापाक राजनीतिक उद्देश्यों के लिए झूठ फैलाने के उद्देश्य से प्रसारित किया गया था। उन्होंने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करायी है और जांच प्राधिकरण से उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया।

श्री सोनोवाल के कार्यालय ने एक बयान में कहा, "हमें यह जानकारी मिली है कि केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल का आधिकारिक लेटरहेड और फर्जी हस्ताक्षर वाला एक जाली पत्र शरारती तत्व दुर्भावनापूर्ण इरादे से प्रसारित कर रहे हैं। यह जालसाजी, प्रतिरूपण और सरकारी पहचान के दुरुपयोग से संबंधित एक गंभीर अपराध है, जिसका उद्देश्य स्पष्ट रूप से गलत सूचना फैलाना और संवैधानिक प्राधिकरण को बदनाम करना है।"बयान में कहा गया है कि इस मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई है और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मामले की प्राथमिकता के आधार पर जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित