रायसेन , मार्च 13 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले की गैरतगंज पुलिस ने रामजानकी मार्केट स्थित एक सोने-चांदी की दुकान से आभूषण चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 120 ग्राम सोने के आभूषण तथा चोरी में प्रयुक्त कार भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार घटना में पांच अज्ञात महिलाओं द्वारा दुकान से सोने के आभूषणों से भरा एक बॉक्स चोरी कर लिया गया था। इस मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई, जिसने जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।

जांच टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे लगभग 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। फुटेज के आधार पर महिलाओं की गतिविधियों और उनके आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटाई गई। जांच में पता चला कि आरोपी महिलाएं सफेद रंग की होंडा अमेज कार से गैरतगंज आई थीं और चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद उसी वाहन से वापस चली गईं।

सीसीटीवी फुटेज में कार का नंबर सामने आने के बाद पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। इसके आधार पर पुलिस की एक टीम राजस्थान के बारां जिले के लिए रवाना की गई। वहां कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भरत बागरी (32) पुत्र भोरपाल बागरी निवासी ग्राम बमुलीचकला थाना अंता जिला बारां (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की होंडा अमेज कार, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा करीब 120 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है, जब्त किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस घटना में शामिल अन्य पांच महिला आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह विभिन्न राज्यों में इस प्रकार की वारदातों को अंजाम देता रहा है और आगे की पूछताछ में और भी मामलों का खुलासा होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित