सोनभद्र , जनवरी 20 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के पिंपरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने हरियाणा से बिहार के लिए जा रही शराब का जखीरा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को बताया कि आज दोपहर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान सूचना मिली कि खाड़पाथर जंंगल के रास्ते से एक कंटेनर से भारी मात्रा में अवैध शराब बिहार की तरफ जाने वाली है। पुलिस टीम ने मौके पर गाड़ा बंदी कर संदिग्ध कंटेनर के इंतजार में लग गई। थोड़ी ही देर में पुलिस को संदिग्ध कंटेनर आते दिखा। जांच करने पर कंटेनर से 1019 पेटी में 23,508 शीशी में बंद कुल 9088 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गयी। इस मामले में चालक श्रवण कुमार (33) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि प्रवीण कुमार निवासी रोहतक, हरियाणा द्वारा कंटेनर ट्रक में भरी अंग्रेजी शराब के पैकेट नाकोदर गांव के पास, लुधियाना क्षेत्र से उपलब्ध कराए जाते थे तथा निर्देश दिए जाते थे कि उक्त शराब से लदे कंटेनर को झारखण्ड रांची के रास्ते बिहार ले जाना है। उसे प्रति चक्कर 50,000 रुपये मिलते थे, जिससे उसकी आजीविका चलती थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित