सोनभद्र , जनवरी 221 -- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस एवं एसओजी टीम की संयुक्त टीम ने दो हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 248 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रूपए है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बुधवार को बताया की मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस व एसओजी टीम रात्रि में मेहुड़ी सजौर मार्ग पर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। जांच के दौरान पुलिस टीम ने बाइक सवार दो युवकों को रोका और उनके कब्जे से हेरोइन बरामद की।
उन्होंने बताया की पुलिस टीम ने मौके पर अटल बिहारी यादव (28) निवासी ग्राम चैनपुर थाना बभनी को गिरफ्तार कर उसके पास से 123 ग्राम हेरोइन और दीपक कुमार भारती (23) निवासी ग्राम सोनारी थाना रॉबर्ट्सगंज को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 125 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
पुलिस टीम ने तस्करों के पास से दो मोबाइल और रूपए 1300 नगद बरामद किये है। पूछताछ में अभियुक्त अटल बिहारी द्वारा बताया गया कि वह लखनऊ से हेरोइन ला रहा था जिसे पीने वालों को बेचना बताया। उक्त बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज में एनडीपीएस व अन्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रेतर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित