सोनभद्र , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलवादह गांव में सोमवार शाम नाले में डूबने से एक महिला और एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और बाद में आई एसडीआरएफ टीम ने करीब चार घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बरामद किए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी राहुल अपनी पत्नी उषा (24) और भतीजी रिंकी के साथ रिहंद बांध से जुड़े एक छोटे नाले को ट्यूब के सहारे पार कर रहे थे। नाले में पानी भरा होने और घनी घास के कारण अचानक संतुलन बिगड़ गया, जिससे उषा और रिंकी ट्यूब से फिसलकर गहरे पानी में डूब गईं। क्षेत्र में नाला पार करने के लिए किसी सुरक्षित पुल या वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते ग्रामीण मजबूरी में इस तरह आवागमन करते हैं।
घटना की सूचना पर पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देर शाम तक स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश की गई, लेकिन अंधेरा और पानी में झाड़ियों की अधिकता के कारण सफलता नहीं मिल सकी। मंगलवार सुबह वाराणसी से पहुंची एसडीआरएफ की नौ सदस्यीय टीम ने सब इंस्पेक्टर शहंशाह कटियार के नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग दो बजे नाले में झाड़ियों के बीच फंसे महिला और बच्ची के शव बरामद कर लिए गए।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाले पर पुल या सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित