सोनभद्र , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में हाथीनाला थाना क्षेत्र के हथवानी गांव के समीप शनिवार शाम दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद लगी आग में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शाम करीब पांच बजे रेणुकूट की ओर जा रही राख लदी हाईवा और सामने से आ रहे दूध से भरे ट्रक में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे की सूचना पर हाथीनाला, रेणुकूट पुलिस तथा दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान एक ट्रक चालक को गंभीर हालत में बाहर निकालकर हिंडाल्को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं दो अन्य लोग वाहनों में फंसने से जिंदा जल गए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडे तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार भी मौके पर पहुंचे। अल्ट्राटेक सीमेंट, चोपन फायर स्टेशन और हिंडाल्को की दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुर्घटना के बाद मार्ग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। यातायात पुलिस ने मुर्धवा मोड़ पर बैरिकेडिंग कर वाहनों को दुद्धी मार्ग की ओर डायवर्ट किया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है तथा मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित