सोनभद्र , फरवरी 02 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी स्थित टोल प्लाजा पर रविवार को एक महिला अधिवक्ता, उनके परिजनों व रिश्तेदारों तथा टोल कर्मियों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने दो टोल कर्मियों को गिरफ्तार किया है। घटना के विरोध में अधिवक्ता संघों ने सोमवार को आक्रामक रुख अपनाते हुए जुलूस निकाला और धरना प्रदर्शन किया।

सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार को सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरक्त रहे। उन्होंने कहा कि आगे की रणनीति तय करने के लिए मंगलवार को पुनः बैठक की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय जारी रखा जाएगा।

अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि इस प्रकरण में नामजद आरोपी रामजी तिवारी (निवासी भौली कुरारा, जनपद हमीरपुर) और सर्वेश यादव (निवासी करमिशीपुर, जनपद अंबेडकर नगर) को गिरफ्तार किया गया है। अन्य 7-8 टोल कर्मियों की भूमिका की जांच की जा रही है। टोल कर्मियों की ओर से भी तहरीर दी गई है, जिसकी जांच चल रही है। थाना प्रभारी राबर्ट्सगंज राम स्वरूप वर्मा ने बताया कि आरती पांडेय की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित