सोनभद्र , जनवरी 25 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत किरबिल गांव के पास रविवार शाम कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कार सवार चार लोग रॉबर्ट्सगंज में आयोजित एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। शाम करीब चार बजे जब उनकी कार बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर विषघरवा टोला के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उसकी भीषण टक्कर हो गई।
हादसे में कार सवार संजय (60) निवासी चेतवा गांव, अखिलेश (65) निवासी सेवकामोड़ तथा उनकी पत्नी हीरामनी (55) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक प्रभु निवासी सेवकामोड़ थाना बीजपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल प्रभु ने बताया कि सभी लोग कार से रॉबर्ट्सगंज बर्थडे पार्टी में जा रहे थे।
पिकअप वाहन में सवार चालक मुस्लिम (20) पुत्र इद्दु निवासी बढ़ोर तथा सहचालक गोविंद पुत्र रमेश जायसवाल निवासी बभनी भी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने तीन कार सवारों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित