सोनभद्र , मई 01 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के बीजपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम हाई वोल्टेज करंट उतरने से एक दंपति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला झुलस गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम पंचायत झीलों में शाम करीब छह बजे अचानक कई घरों में हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हो गया। करंट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घरों में लगे बिजली बोर्ड और दरवाजे के ऊपर से गुजर रहे तारों में आग लग गई। इसी दौरान 63 वर्षीय फूलमती दरवाजा खोलने गईं और करंट की चपेट में आकर गिर पड़ीं। पत्नी को बचाने के प्रयास में 65 वर्षीय पति श्रीराम भी करंट की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

हादसे में 60 वर्षीय इंद्रा देवी पत्नी कृष्ण माधव भी करंट की चपेट में आकर झुलस गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर 11 हजार वोल्ट की मुख्य लाइन बंद कराई, जिससे स्थिति पर काबू पाया जा सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित