सोनभद्र , जनवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के हाथीनाला थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मिनी ट्रक से दो तस्करों को गिरफ्तार कर उस पर लदा 442.50 किग्रा अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत एक करोड़ दस लाख रुपए है।

गिरफ्तार तस्कर महाराष्ट्र के निवासी हैं जो भुवनेश्वर से गांजा लादकर फिरोजाबाद जा रहें थे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार को बताया कि एसओजी व थाना हाथीनाला की संयुक्त पुलिस टीम ने एक सुचना के आधार पर हथवानी मोड़ पर जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध एक मिनि ट्रक को जांच के लिए रोका। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करते ही उसमें सवार दो व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम द्वारा मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस टीम द्वारा वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर उसके अंदर शीशे की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई 19 प्लास्टिक बोरियों में कुल 442.500 किलोग्राम नाजायज गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 01 करोड़ 10 लाख रुपये है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित