पटना , फरवरी 21 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने शनिवार को कहा कि सोनपुर हवाई अड्डा दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा होगा।
छपरा सांसद श्री रूडी ने बिहार कैबिनेट में सोनपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित उनके कैबिनेट के सभी लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि यह हवाई अड्डा दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा होगा।
श्री रूडी ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अगले पांच सालों में सोनपुर हवाई अड्डे के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि यह हवाई अड्डा 4200 एकड़ में फैला होगा।उन्होंने सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में इस कार्य को एक लक्ष्य बनाया था और आज वह पूरा हुआ। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यह उपलब्धि छपरा और पटना नहीं, बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। यह बहुत बड़े बदलाव की कहानी है।
भाजपा सांसद श्री रूडी ने प्रस्तावित हवाई अड्डे के विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि यह मध्य भारत का हब बनेगा और आर्थिक बदलाव का कारण साबित होगा।उन्होंने कहा कि इस हवाई अड्डा का निर्णय अच्छे निर्णयों में एक होगा जो बिहार के लोग पूरी दुनिया को दिखा सकेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए यह हवाई अड्डा बहुत बड़ा वरदान साबित होगा। यह हवाई अड्डा 30 मिलियन आबादी वाला होगा, लेकिन इसका लक्ष्य 100 मिलियन तक जाएगा। उन्होंने कहा कि यह ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा कई सड़क मार्गों से जुड़ा हुआ है। इनमें कई सड़कों का निर्माण कार्य अभी शुरू है या होने वाला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित