मुंबई , जनवरी 25 -- बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने बताया कि उन्होंने फिल्म सोनचिरिया में सीखी एक खास एक्टिंग टेक्नीक को वेबसीरीज दलदल में भी इस्तेमाल किया है।
भूमि पेडनेकर इन दिनों अपनी आने वाली सीरीज़ दलदल को लेकर चर्चा में है।उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद किया और बताया कि उन्होंने सोनचिरिया में सीखी एक खास एक्टिंग टेक्नीक को दलदल में भी इस्तेमाल किया।
भूमि ने दलदल में अपने किरदार डीसीपी रीटा फरेरा के बारे में बताते हुए कहा, "रीटा अपनी आंखों से भी कुछ जाहिर नहीं करती। उसे देखकर आपको पता नहीं चलेगा कि वो क्या सोच रही है, वो आपको पसंद करती है या नफरत, या फिर आपकी मौजूदगी को कैसे देखती है। वो बहुत कुछ छिपा रही है। यहां तक कि अपने बॉयफ्रेंड के साथ भी वो हमेशा दूरी बनाए रखती है।"भूमि ने बताया कि शूटिंग के कुछ दिनों बाद वह टूट गई थीं। उन्होंने कहा, "मुझे लगा जैसे आपने मुझे बिल्कुल बांध दिया है। मेरे पास करने के लिए कुछ भी नहीं है, तभी निर्देशक अमृत राज गुप्ता ने उनसे कहा,यही रीटा है, इसी को पकड़कर रखो, तुमने सही पकड़ लिया है।"भूमि ने फिल्म सोनचिरिया के दिनों को भी याद किया और बताया कि निर्देशक अभिषेक चौबे ने उनसे कहा था कि वह आंखों से बिल्कुल एक्सप्रेस न करें।उन्होंने कहा था कि मैं नहीं चाहता कि तुम आंखों से कुछ दिखाओ, सब कुछ शरीर की भाषा से होना चाहिए। मुझे समझ नहीं आया कि यह कैसे करूं, लेकिन मैंने खुद को ट्रेन किया। सोनचिरिया में मेरा किरदार इतना दबा हुआ था कि आंखों में भाव दिखाना भी खतरनाक हो सकता था। उसी टेक्नीक का थोड़ा हिस्सा मैंने रीटा में भी इस्तेमाल किया।
भूमि दलदल में पहली बार पुलिस ऑफिसर के रोल में नजर आएंगी और दर्शक उन्हें इस नए अवतार में देखने के लिए काफी उत्साहित हैं।अमृत राज गुप्ता द्वारा निर्देशित और विक्रम मल्होत्रा एवं सुरेश त्रिवेणी द्वारा निर्मित यह सीरीज़ विश्व धामिजा की बेस्टसेलर किताब भिंडी बाजार पर आधारित है। इसमें भूमि के साथ समारा तिजोरी और आदित्य रावल भी अहम भूमिकाओं में हैं।दलदल 30 जनवरी को प्राइम वीडियो पर भारत और दुनिया के 240 देशों में रिलीज़ होने वाली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित