पटना , अप्रैल 14 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवा निवृत्त) सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्व. डॉ.भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

राज्यपाल श्री हसनैन और मुख्यमंत्री श्री कुमार ने भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर पटना हाई कोर्ट के समीप आयोजित राजकीय समारोह में उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह, लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो.जमा खान, जनता दल यूनाइटेड (जदयू)के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, विधायक महेश्वर हजारी, श्याम रजक, अरूण मांझी, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, श्रीमती कुमुद वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती पूजन, भजन, बिहार गीत एवं देशभक्ति गीतों के कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित