दोहा , मार्च 26 -- इराक के विदेश मंत्रालय ने घोषणा की है कि रक्षा मंत्रालय के एक चिकित्सा केंद्र पर हुए हवाई हमले के विरोध में अमेरिकी कार्यवाहक राजदूत को तलब कर कड़ी आपत्ति दर्ज करायी जाएगी। । इराक के सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ और प्रधानमंत्री के प्रवक्ता सबा अल-नुमान ने बताया कि इस हमले में सैन्य कर्मी मारे गये हैं।
इराकी रक्षा मंत्रालय ने इससे पहले कहा था कि पश्चिमी इराक में हब्बनिया सैन्य चिकित्सा केंद्र पर हुए हवाई हमलों में सात इराकी सैनिक मारे गये और 13 अन्य घायल हो गये।
श्री अल-नुमान ने बुधवार को कहा, "प्रधानमंत्री ने विदेश मंत्रालय को निर्देश दिया है कि वह इराक में अमेरिकी दूतावास के कार्यवाहक राजदूत को तलब करे और एक कड़ा आधिकारिक विरोध पत्र सौंपे। इसमें इराक की संप्रभुता को बनाए रखने पर हमारे दृढ़ रुख को रेखांकित किया जाए और इन गैर-जिम्मेदाराना कार्यों की निंदा की जाए, जो एक जघन्य अपराध हैं।"उन्होंने आगे कहा कि इराक अपने और अपने नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और संयुक्त राष्ट्र में भी एक औपचारिक शिकायत दर्ज करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित