चंडीगढ़ , जनवरी 15 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को हिसार के पीएलए क्षेत्र में स्थित ताऊ देवी लाल टाउन पार्क के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पार्क का भ्रमण कर वहां उपलब्ध कराई गई विभिन्न जनसुविधाओं का अवलोकन किया।

श्री सैनी ने कहा कि टाउन पार्क का विकास पंचतत्व थीम पर आधारित है, जो आधुनिक कला और नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि इस पार्क का उद्देश्य आमजन के लिए एक आधुनिक, थीम आधारित और मनोरंजन से भरपूर स्थल उपलब्ध कराना है। पार्क में सांस्कृतिक एवं अन्य आयोजनों के लिए ओपन एयर थिएटर का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही आयुष, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए औषधीय पौधों का उद्यान भी विकसित किया गया है।

पार्क की प्रमुख विशेषताओं में सूर्य नमस्कार प्रतिमा, अदृश्य प्रतिमा, जॉगिंग व वॉकिंग ट्रैक, म्यूज़िकल फाउंटेन, जल निकाय, बच्चों के लिए प्लेइंग कॉर्नर, वॉटर लेक, झील के दृश्य के साथ कांच का डेक, आउटडोर जिम, आगंतुकों के लिए पार्किंग सुविधा और खाद्य स्टॉल शामिल हैं। लगभग 12 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित इस पार्क के जीर्णोद्धार और नवीनीकरण पर कुल 14.72 करोड़ रुपये की लागत आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित