चंडीगढ़ , फरवरी 11 -- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिविल सचिवालय में आयोजित समारोह में राज्य के 17 जिलों में डे-केयर कैंसर केंद्रों (डीसीसीसी) का वर्चुअल उद्घाटन किया। इससे पहले पांच जिलों में ये केंद्र शुरू हो चुके थे और अब हरियाणा के सभी 22 जिलों में डे-केयर कैंसर सेंटर कार्यरत हो गए हैं।
यह घोषणा वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में की गई थी जिसे अब पूरी तरह लागू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर एक गंभीर जनस्वास्थ्य चुनौती है और इन केंद्रों के माध्यम से मरीजों को अपने ही जिले में कीमोथेरेपी अनुवर्ती उपचार उपशामक देखभाल और लक्षण प्रबंधन जैसी सुविधाएं मिलेंगी। कैंसर ओपीडी और दर्द निवारण सेवाएं भी नि:शुल्क उपलब्ध होंगी। ये केंद्र हब एंड स्पोक मॉडल पर काम करेंगे। पीजीआईएमएस रोहतक राष्ट्रीय कैंसर संस्थान झज्जर सर्वोदय अस्पताल फरीदाबाद और अटल कैंसर केयर सेंटर अंबाला छावनी विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। जिला स्तर पर सेवाएं मिलने से मरीजों के यात्रा व अन्य खर्चों में कमी आएगी और बड़े अस्पतालों पर बोझ भी घटेगा।
सरकार कैंसर मरीजों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा और पात्र मरीजों को प्रतिमाह 3,000 रुपये की वित्तीय सहायता भी दे रही है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित