नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी 5 से 10 फरवरी तक छह दिन की राजकीय यात्रा पर भारत आएंगे। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि राष्ट्रपति हर्मिनी की यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही है और पदभार ग्रहण करने के बाद यह भारत की उनकी पहली यात्रा है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है। राष्ट्रपति हर्मिनी इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करेंगे तथा प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और आपसी हितों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय विषयों पर चर्चा करेंगे। वह चेन्नई और मुंबई का भी दौरा करेंगे जहां वह विभिन्न व्यावसायिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

सेशेल्स हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का एक प्रमुख समुद्री पड़ोसी देश है और भारत के विज़न महासागर (क्षेत्रों में सुरक्षा एवं विकास के लिए पारस्परिक और समग्र प्रगति) तथा ग्लोबल साउथ को लेकर भारत की प्रतिबद्धता में इसका विशेष स्थान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित