देवरिया , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सेवानिवृत्त फौजी से नौकरी दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये ठगने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को एक कांस्टेबल और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात एक स्टेनोग्राफर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार महुआडीह थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर दुबे निवासी प्रशांत कुमार द्विवेदी सेना से सेवानिवृत्त हैं। आरोप है कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात स्टेनोग्राफर अफजल खान और सिपाही दीपक सिंह ने उन्हें पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये ले लिए। पैसे लेने के बाद दोनों आरोपी जल्द नौकरी दिलाने का आश्वासन देते रहे, लेकिन न तो नौकरी दिलाई और न ही रुपये वापस किए। पीड़ित द्वारा पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और धमकी दी।

इस संबंध में सेवानिवृत्त फौजी ने सदर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए सिपाही दीपक सिंह और स्टेनोग्राफर अफजल खान को उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इस मामले में सिपाही दीपक सिंह की पत्नी साक्षी सिंह भी आरोपी है और वह फिलहाल फरार है।

अपर पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में स्टेनोग्राफर, मीडिया प्रकोष्ठ में तैनात सिपाही और उसकी पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी महिला की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित