भदोही , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र सेमराधनाथ धाम को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग उठी है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर इसे प्रयागराज-वाराणसी पर्यटन सर्किट में शामिल करने का अनुरोध किया है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश महासचिव एवं भदोही प्रभारी कमलेश तिवारी द्वारा इस संबंध में पहल की गई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा। सेमराधनाथ धाम अपनी विशेष धार्मिक मान्यता के लिए जाना जाता है। यहां भगवान शिव का शिवलिंग एक कुंड के भीतर स्थापित है, जो इसे अन्य मंदिरों से विशिष्ट बनाता है। इस धाम में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।
यदि इस स्थल को पर्यटन सर्किट में शामिल किया जाता है, तो धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही क्षेत्रीय विकास, स्थानीय व्यापार में वृद्धि और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित