कानपुर , मार्च 30 -- कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र स्थित गोवा गार्डन अपार्टमेंट में पिछले दिनो सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान दो सफाई कर्मियों की मौत के मामले में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने संज्ञान लिया है। सोमवार को आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल कानपुर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही आयोग की ओर से जिला प्रशासन को पत्र भेजकर संज्ञान लिया गया था। प्रारंभिक जांच में ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रथम दृष्टया सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान "हाथ से मैला उठाने की प्रथा का प्रतिषेध एवं उनका पुनर्वास अधिनियम, 2013" के तहत निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। आवश्यक सुरक्षा उपकरणों और यांत्रिक साधनों का उपयोग न किया जाना गंभीर लापरवाही है।

उन्होंने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने तथा उनके पुनर्वास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवार को सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की बात कही।

आयोग ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई में आधुनिक तकनीक और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान राजू बाल्मीकि, अपर जिला मजिस्ट्रेट, सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर, अपर नगर आयुक्त तथा जलकल विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बाद में सर्किट हाउस में सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और कार्य परिस्थितियों पर भी चर्चा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित