नयी दिल्ली , नवम्बर 17 -- सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर में सेना ने केवल ट्रेलर दिखाया था और अगर पाकिस्तान आतंकवाद को बढावा देना जारी रखता है तो सेना ने उसे यह सिखाने के लिए पूरी तैयारी कर रखी है कि जिम्मेदार देश को अपने पड़ोसियों के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए तथा सेना को यह भी पता है कि बैरंग चिट्ठी का जवाब किसे देना है। जनरल द्विवेदी ने सोमवार को यहां चाणक्य रक्षा संवाद के उद्घाटन कार्यक्रम में सवालों के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर को केवल ट्रेलर करार देते हुए कहा कि यदि दोबारा कोई दुस्साहस किया जाता है तो सेना इस बार पाकिस्तान को यह सबक सिखाने के लिए तैयार है कि पड़ोसी के साथ किस तरह का व्यवहार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, " मैं कहना चाहूँगा कि फिल्म शुरू भी नहीं हुई। सिर्फ़ ट्रेलर दिखाया गया। और ट्रेलर के बाद ट्रेलर 88 घंटों में खत्म हो गया। तो, भविष्य कैसा होगा? हम इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। और अगर कोई हमें पाकिस्तान में ऐसा मौका देता है, तो हम उसे पूरी शिक्षा देना चाहेंगे कि एक ज़िम्मेदार देश को अपने पड़ोसियों के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए।"सेना प्रमुख ने कहा कि आतंकवादी या उनके आका हमारे लिए एक समान हैं। उन्होंने कहा कि सेना अब बैरंग चिट्ठी का जवाब देने के लिए भी तैयार है। उन्होंने कहा , " जो कोई भी आतंकवाद को बढ़ावा देता है, हमें उसका जवाब देना चाहिए। अगर हमें कोई बैरंगचिट्ठी भी मिलती है, तो भी हम जानते हैं कि किसे जवाब देना है। हमें इसकी कोई चिंता नहीं है।"सेना प्रमुख ने कहा कि भारत प्रगति की बात करता है और यदि कोई उस रास्ते में रोड़ा अटकाता है तो यह भारत के लिए चिंता का विषय बन जाता है। भारत स्पष्ट कर चुका है कि पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते और बातचीत तथा आतंकवाद भी साथ नहीं चल सकते। उन्होंने भारत के 'न्यू नार्मल' के दृष्टिकोण को पाकिस्तान के लिए बड़ी चेतावनी बताया।
उन्होंने कहा ," मुझे लगता है कि यह एक बड़ी चेतावनी होगी। क्योंकि जब सरकार प्रायोजित आतंकवाद को बढ़ावा दिया जाता है, तो यह भारत के लिए चिंता का विषय बन जाता है। क्योंकि हम प्रगति की बात कर रहे हैं। हम साथ मिलकर आगे बढ़ने की बात कर रहे हैं। इसलिए, हमारे रास्ते में जो भी बाधाएं हैं, हमें उनके बारे में कुछ करना होगा। जहां तक नए सामान्य की बात है, हमने कहा है कि पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते।
बातचीत और आतंकवाद एक साथ नहीं हो सकते। "परमाणु ब्लैकमेल के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यदि आप हमें किसी भी चीज़ के लिए ब्लैकमेल करना चाहते हैं तो भारत इतना संपन्न है कि उसे अब ब्लैकमेल का डर नहीं है। .ऑपरेशन सिंदूर से सीखे गए सबक के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, " जब भी कोई ऑपरेशन होता है, हमें उससे कुछ न कुछ सीखना ही होता है। तो, हमने इस ऑपरेशन से भी कुछ सीखा। सबसे पहले, हमने सीखा कि निर्णय लेने का समय बहुत कम है। और आपको हर स्तर पर फैसले लेने होते हैं। यहां कोई निर्णय लेकर उसे नीचे पहुँचाना संभव नहीं है। इसलिए, हर स्तर पर लोगों को समय पर तैयार रहना होगा और कार्रवाई करनी होगी।"तीनों सेनाओं के बीच एकीकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा ," एकीकरण का अर्थ है कि चाहे वह थलसेना हो, नौसेना हो,वायुसेना हो, सीएएएफ हो, साइबर हो, अंतरिक्ष हो, हम जितनी जल्दी इसे एकीकृत करेंगे, उतनी ही आसानी से हम इस लड़ाई को लड़ सकेंगे।
क्योंकि आज का युद्ध बहु-क्षेत्रीय है। अगर मैं कहूँ कि केवल सेना ही लड़ सकती है, तो सेना नहीं लड़ सकती। हम सभी को मिलकर लड़ना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित