गुलमर्ग (जम्मू-कश्मीर) , फरवरी 25 -- भारतीय सेना ने खेलो इंडिया विंटर गेम्स में कुल नौ स्वर्ण पदक जीतकर अपनी टीम चैंपियनशिप बरकरार रखी, जिनमें से आठ पदक अकेले गुलमर्ग चरण में आए। बुधवार को प्रतियोगिता के अंतिम दिन चार स्वर्ण पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश उपविजेता रहा।
आज यहां केआईडब्ल्यूजी के तीसरे दिन, सेना और हिमाचल प्रदेश ने चार-चार स्वर्ण पदक जीते, जबकि मेजबान जम्मू-कश्मीर ने अपना पहला स्वर्ण पदक हासिल किया। कर्नाटक की दिग्गज स्कीयर भवानी थेकेडा नंजुंडा, जिन्होंने केआउईडब्ल्यूजी 2025 में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक बनाई थी, उन्होंने 1.5 किलोमीटर की नॉर्डिक महिला स्प्रिंट में पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल किया। भवानी ने खेलो इंडिया विंटर गेम्स के सभी छह संस्करणों में भाग लिया है।
जुबैर अहमद लोन ने आखिरकार स्नोबोर्डिंग प्रतियोगिता में पुरुषों की जाइंट स्लैलम रेस जीतकर जम्मू-कश्मीर के खेमे में खुशी की लहर ला दी। कद्दावर जुबैर ने सेना के विवेक राणा की कड़ी चुनौती को सफलतापूर्वक मात दी। जम्मू-कश्मीर ने केआईडब्ल्यूजी 2026 में एक स्वर्ण और एक रजत पदक के साथ अपने अभियान का अंत किया और पदक तालिका में 10वें स्थान पर रहा।
जहाँ सेना के जवान मयंक पंवार दो स्वर्ण पदकों के साथ इन खेलों के 'स्लैलम मैन' बनकर उभरे, वहीं नॉर्डिक (क्रॉस-कंट्री) स्पर्धाओं में भी सेना का पूर्ण वर्चस्व रहा। 15 किमी की बेहद कठिन नॉर्डिक स्कीइंग रेस में मोहम्मद अली (34:21.49 सेकंड) ने सेना के 'क्लीन स्वीप' (पहले तीन स्थान) का नेतृत्व किया, जिसमें पद्मा नामगैल (34:36.74 सेकंड) ने रजत और सनी सिंह (35:16.83 सेकंड) ने कांस्य पदक जीता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित