मोहाली , दिसंबर 20 -- पंजाब में मोहाली के स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (एसएसओसी) ने शनिवार को बिहार के मोतिहारी में भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित रक्सौल शहर से राजबीर सिंह उर्फ फौजी नाम के एक आर्मी भगोड़े को गिरफ्तार किया है, जब वह नेपाल के रास्ते देश से भागने की कोशिश कर रहा था, और उसके पास से 500 ग्राम हेरोइन और एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि यह घटनाक्रम उसके साथी चिराग की गिरफ्तारी के तुरंत बाद हुआ है, जो फाजिल्का की काशी राम कॉलोनी का रहने वाला है, और उसके पास से 407 ग्राम हेरोइन के साथ एक पिस्तौल बरामद की गयी थी। चिराग आरोपी राजबीर के लिए कूरियर का काम करता था और ड्रग तस्करी से मिले पैसे को वापस उस तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था, जिससे वह नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन में एक अहम कड़ी बन गया था।

श्री यादव ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी राजबीर की शुरुआती जांच में पता चला है कि उसने 2011 में भारतीय सेना ज्वाइन की थी और फरवरी 2025 में वह सेना से भाग गया था, जब इस साल की शुरुआत में अमृतसर ग्रामीण के घरिंडा पुलिस स्टेशन में ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट की धारा 3, 4 और 5 के तहत उस पर और उसके साथियों पर जासूसी का मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि जांच में दोनों गिरफ्तार आरोपियों की हरियाणा के सिरसा में एक महिला पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड हमले की साजिश में भूमिका भी सामने आयी है। उन्होंने कहा कि आरोपी राजबीर और चिराग ने अमृतसर ग्रामीण के गुरजंत सिंह को हैंड ग्रेनेड दिए थे, जिसे बाद में हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, और चिराग के जरिए वित्तीय सहायता भी पहुंचाई थी। गुरजंत को दिए गए फंड हमलावरों तक पहुंचाए गए और उनका इस्तेमाल उक्त ग्रेनेड हमले को अंजाम देने के लिए किया गया।

डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे और पीछे के लिंक का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। अतिरिक्त महानिरीक्षक एसएसओसी मोहाली डी. सुदरविझी ने बताया कि जांच में यह भी पता चला है कि 2022 में, गिरफ्तार आरोपी राजबीर सोशल मीडिया के ज़रिए पाकिस्तान में मौजूद कुछ लोगों के संपर्क में आया और हेरोइन की खेप तक पहुंच के बदले में, उसने संवेदनशील और गोपनीय मिलिट्री जानकारी देना शुरू कर दिया और दूसरे आर्मी कर्मियों को भी इन हैंडलर्स से मिलवाया। उन्होंने बताया कि केस दर्ज होने के बाद, राजबीर फरार हो गया और नेपाल को छिपने की जगह के तौर पर इस्तेमाल किया, पंजाब और नेपाल के बीच लगातार आता-जाता रहा और ड्रग्स तस्करी का अपना काम जारी रखा।

एआईजी ने बताया कि राजबीर ने आगे खुलासा किया कि पाकिस्तान में मौजूद उसके हैंडलर्स उसे नेपाल के रास्ते भारत से यूरोप भागने में मदद कर रहे थे। उन्होंने बताया कि ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद, आरोपी को पंजाब लाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित