चंडीगढ़ , फरवरी 25 -- हरियाणा कांग्रेस के बुधवार को प्रस्तावित विधानसभा घेराव से पहले प्रशासन और पार्टी के बीच टकराव की स्थिति बन गयी है। चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर-9 स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर नोटिस चस्पा कर स्पष्ट किया है कि प्रदर्शन की अनुमति केवल सेक्टर-25 में दी गयी है। इसके अलावा किसी अन्य स्थान पर धरना-प्रदर्शन की इजाजत नहीं होगी।
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी विधानसभा घेराव का कार्यक्रम हर हाल में करेगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने एक दिन पहले ही पुलिस से अनुमति ली थी, लेकिन सुबह अचानक नोटिस चस्पा कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर रातों-रात ऐसा क्या बदल गया कि प्रशासन ने अपना रुख बदल लिया।
श्री सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है और कई स्थानों पर उन्हें नजरबंद भी किया गया है। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि जितने भी कार्यकर्ता चंडीगढ़ पहुंचेंगे, वे शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए निर्धारित स्थान पर ही प्रदर्शन की अनुमति दी गयी है। स्थिति को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित