मुंबई , मार्च 24 -- अभिनेत्री गुलकी जोशी का कहना है कि सोनी सब के नये शो हुई गुम यादें- एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ में सृष्टि का किरदार निभाना उनके लिये थोड़ा अलग अनुभव था।
सोनी सब का नया शो हुई गुम यादें- एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ, जो लोकप्रिय इटैलियन सीरीज़ डीओसी (डॉक) का रूपांतरित संस्करण है। यह शो छह अप्रैल से शुरू होगा और हर सोमवार से शनिवार रात आठ बजे प्रसारित होगा। कहानी डॉ. देव मेहता (इक़बाल खान) की है, जो एक जाने-माने डॉक्टर हैं और अपनी आठ साल की यादें खोने के बाद ज़िंदगी को नए सिरे से जीने की कोशिश करते हैं। इस सफर में उनके आसपास के लोग, जिनमें उनकी पूर्व पत्नी सृष्टि (गुलकी जोशी) भी शामिल हैं, उन भावनाओं का सामना करते हैं, जिन्हें वे लंबे समय से दबाए हुए थे।
सृष्टि अस्पताल की एडमिनिस्ट्रेटर हैं, जो संचालन को स्पष्टता, अनुशासन और संयम के साथ संभालती हैं। वे संतुलित, व्यावहारिक और भावनात्मक रूप से संयमित हैं, जो अक्सर प्रतिक्रिया देने के बजाए धैर्य चुनती हैं। उनकी शांत और परिपक्व मौजूदगी उन्हें अस्पताल का स्तंभ बनाती है और उनके निजी सफर को भी गहराई देती है। गुलकी जोशी के लिए सृष्टि का किरदार निभाना उनके पिछले शो मैडम सर में निभाए गए मज़बूत और बेबाक किरदारों से अलग था। इस बार उन्हें स्थिरता और नियंत्रण दिखाना था। ज़्यादा अभिव्यक्ति के बजाए उन्होंने भावनाओं को भीतर समेटकर, ठहराव, सीमित प्रतिक्रियाओं और सूक्ष्म बॉडी लैंग्वेज के ज़रिए किरदार को असली रूप देने पर ध्यान दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित