महोबा , फ़रवरी 11 -- आल्हा ऊदल की वीर गाथाओ को अपने ह्रदय अंचल मे समेटे उत्तर प्रदेश मे ऐतिहासिक व पुरातात्विक महत्व के महोबा नगर मे बुंदेली लोक कला-संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित "सूर्य महोत्सव" की बुधवार को भव्यता पूर्ण तरीके से शुरुआत हो गयी।
सरकार की स्वदेश दर्शन योजना -2 के अंतर्गत महोबा मे जिला सृजन दिवस की 31 वीं वर्षगाँठ के अवसर पर सूबे के पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित सूर्य महोत्सव का शुभारम्भ यहां आठवीं शताब्दी की स्थापत्य कला की अनुपम धरोहर रहेलिया के सूर्य मंदिर परिसर मे सूर्य उपासना और गंगा आरती के धार्मिक अनुष्ठान के साथ हुई।
ब्रम्ह मुहूर्त मे तड़के भगवान भास्कर के उदय के साथ ही रवि किरणों से सूर्य मंदिर के आलोकित होते ही पुरोहितों के विशेष दल द्वारा मंगलकारी शंख ध्वनि करते हुए सूर्य पूजन व राहील्य सागर मे गंगा आरती को सम्पादित कर वातावरण को पवित्र और निर्मल कर दिया गया. इसके उपरान्त मंच पर उत्कृष्ट कलाक़ारो की भजन प्रस्तुतियों ने समा बाँधा. इस आयोजन मे सूर्य मंदिर से महोत्सव मंच तक शोभायात्रा भी निकाली गयी. जिसमे रहलिया सूर्य मंदिर की प्रतीकात्मक झांकी जन आकर्षण का केंद्र रही।
सूर्य महोत्सव महोबा मे छात्रों एवं युवाओं के लिये 04 दिवसीय प्लेनेटोरियम का भी भव्य उद्घाटन किया गया। जिसमे इसरो के वैज्ञानिक दल द्वारा अंतरिक्ष दर्शन कराते हुए खगोल विज्ञान के गूढ़ रहस्यो की जानकारी प्रदान की जायेगी. प्लेनेटोरियम के दौरान इसरो के निदेशक द्वारा महोबा के छात्रों और युवाओं से संवाद का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है. सूर्य महोत्सव मे प्रथम दिवस कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत दोपहर में पुस्तक मेले का शुभारम्भ हुआ।
जबकि किसान के लिए गोष्ठी एवं अन्य विविध कार्यक्रम आयोजित किये गए.इस अवसर पर जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज ने बताया की महोबा मे सूर्य महोत्सव का आयोजन आगामी 17 फ़रवरी तक होगा। इस दौरान क्षेत्रीय लोक कला और संस्कृति को बढ़ावा देने संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओ के आयोजन, क्षेत्रीय कलाक़ारो को प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर प्रदान करते हुए विकास प्रदर्शिनी आयोजित की जा रही है जिसमे शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओ के प्रचार प्रसार के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लोगों को तमाम महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित