गुवाहाटी , अप्रैल 08 -- राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के सलामी बल्लेबाज़ों यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी के ख़िलाफ़ सही गेंदबाज़ी योजना बनाना बेहद ही मुश्किल है। यहां तक कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के लिए भी यह एक टेढ़ी खीर है।

आईपीएल 2026 में अपना लगातार दूसरा मैच गंवाने के बाद मुंबई इंडियंस (एमआई) के कोच माहेला जयवर्धने ने आरआर से मैच हारने के बाद कहा, "हां, मुझे लगता है हमारे पास कुछ योजनाएं थी, लेकिन सच कहूं तो हम उन्हें उस तरीके से लागू नहीं कर पाए जैसा हम चाहते थे।"मैच के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में जयवर्धने ने कहा, "हमें इस ख़तरे का अंदाज़ा था, ख़ासकर जब बारिश के कारण मैच 11-11 ओवर का हो गया और शुरुआत में हमें खुलकर खेलने की छूट मिली। हमें सुनिश्चित करना था कि पहले चार-पांच ओवर हमारे लिए अहम हों। मुझे लगा कि हमने उनकी शुरुआत के बाद अच्छी वापसी की। लेकिन हां, हमने अपनी लाइन-लेंथ मिस की और उन्होंने बहुत अच्छा खेला।"पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी आरआर ने दीपक चाहर के पहले ओवर से 22 रन बनाए और पांच ओवर में उनकी टीम 80/1 तक पहुंच गई। जयवर्धने ने यह सही कहा कि एमआई ने वापसी की। छठे से दसवें ओवर के बीच सिर्फ़ 52 रन बने और आख़िरी ओवर में 18 रन। लेकिन शुरुआत में हुआ नुक़सान एमआई के लिए भारी साबित हुआ।

हालांकि आरआर की बल्लेबाज़ी में जायसवाल स्टार रहे, जिन्होंने 32 गेंदों पर नाबाद 77 रन बनाए। लेकिन उतना ही असर सूर्यवंशी की पारी का भी रहा। उन्होंने 14 गेंदों पर 39 रन बनाए। डेल स्टेन ने कहा कि गेंदबाज, यहां तक कि बुमराह जैसे बेहतरीन खिलाड़ी भी, सूर्यवंशी के ख़िलाफ़ थोड़ा मानसिक दबाव में आ सकते हैं।

स्टेन ने ईएसपीएन क्रिकइंफो के टाइम आउट शो में कहा, "सच कहूं तो उन्होंने गेंदबाज़ों में थोड़ा डर पैदा कर दिया है कि वह आपके पीछे बाउंड्री के लिए ही जाएगा। ख़ासकर बुमराह की सूर्यवंशी को डाली गई पहली गेंद, जो मिड-ऑन के ऊपर गई। बुमराह की वह गेंद स्लॉट में थी। बुमराह के ख़िलाफ ऐसा करना बहुत दुर्लभ है। महान बुमराह भी मन में सोच रहे होंगे कि 'ग़लती मत करना; क्योंकि अगर ग़लती हुई, तो यह खिलाड़ी मुझे छक्का मारेगा'।"सूर्यवंशी फ़िलहाल वही कर रहे हैं। दरअसल, आपको बहुत बड़ी ग़लती करने की भी ज़रूरत नहीं है। वह आपको छोटी ग़लतियों पर भी सज़ा दे सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित