श्रीगंगानगर , दिसम्बर 05 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम कर्मचारी संघ के प्रदेशध्यक्ष सतीश प्रसाद चमोला ने राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर इएसआई की डिस्पेंसरी सूरतगढ थर्मल में खुलवाने के लिए मांग की है।

श्री चमोला ने शुक्रवार को बताया कि पत्र में बताया गया है कि सूरतगढ़ थर्मल में साढे तीन से चार हजार इएसआई के पंजीकृत श्रमिक हैं। इन श्रमिकों को किसी भी तरह की चिकित्सा सुविधा का लाभ अब भी नहीं मिल पा रहा है, जबकि उनके वेतन से और ठेकेदारों के बिलों से हर महीने लाखों रुपए की कटौती उत्पादन निगम द्वारा करके इएसआईसी विभाग में जमा कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सूरतगढ़ थर्मल और आस पास के गांवों से सूरतगढ आने जाने के लिए करीब डेढ़ सौ से ढाई सौ रुपए तक किराया खर्च होता है। इस खर्च को ठेकेदार के अल्प आय वर्ग के श्रमिक वहन करने में सक्षम नहीं है। इन अल्प आय वर्ग के श्रमिकों को इएसआईसी की सभी सुविधाओं के सभी लाभ सूरतगढ़ थर्मल में डिस्पेंसरी खुलने से ही मिल पायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित