श्रीगंगानगर , फरवरी 27 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में लंबे समय से दबी सूरतगढ़ को अलग जिला बनाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ रही है। 'सूरतगढ़ जिला बनाओ अभियान समिति' के बैनर तले स्थानीय निवासियों ने शुक्रवार को सूरतगढ़ में प्रशासनिक अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सूरतगढ़ की भौगोलिक स्थिति, सामरिक महत्व और स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही जनाकांक्षाओं को विस्तार से उजागर किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांग को दोहराया, जिससे यह पुराना मुद्दा फिर से सुर्खियों में आ गया है।

समिति के प्रतिनिधियों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समझौते हमेशा प्रभावी रहते हैं, भले ही सरकार बदल जाये। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पिछली राज्य सरकार ने संभागीय आयुक्त नीरज के. पवन के माध्यम से 'सूरतगढ़ जिला बनाओ अभियान समिति' के साथ एक लिखित समझौता किया था। इस समझौते को लागू करते हुए सूरतगढ़ को तत्काल जिला घोषित किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित