सूरजपुर , फरवरी 19 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महगांवा में एक नवविवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका शव बरामद हुआ है।
मृतका की पहचान बबीता राजवाड़े (22) के रूप में की गई है, जिसका विवाह लगभग नौ माह पूर्व महगांवा निवासी खलेश्वर राजवाड़े के साथ हुआ था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना गुरुवार की है। बबीता का शव उसके ससुराल स्थित कमरे में पंखे से साड़ी के सहारे लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि घर के अन्य सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। काम से लौटने पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद देखा। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो आस-पड़ोस के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देख सभी के होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि बबीता की शादी के बाद से ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों का कहना है कि वह खुशहाल वैवाहिक जीवन जी रही थी, ऐसे में आत्महत्या का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने ससुराल पक्ष पर बबीता की हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है।
हालांकि, मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि वे सभी लोग काम से बाहर गए थे, तभी अज्ञात कारणों से बबीता ने यह कदम उठा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित