सूरजपुर , मार्च 18 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कोयला चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गायत्री खदान से चोरी किए गए करीब 33 टन कोयले के साथ ही 13 मोटरसाइकिल और सात साइकिल सहित कुल 20 वाहन जब्त किये हैं। पुलिस के आकस्मिक छापे को देख तस्कर मौके से फरार हो गए।
यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक (डीआईजी) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर द्वारा खदान क्षेत्रों में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश के बाद की गई। एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की एक टीम ने सुबह के समय गायत्री खदान में दबिश दी।
पुलिस टीम को देखकर कोयला लोड कर रहे कुछ व्यक्ति अपने वाहनों को छोड़कर भाग निकल जाने में कामयाब रहे हैं। मौके से करीब 450 बोरियों में भरा 33 टन कोयला बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है। बरामद कोयले को तुरंत खदान प्रबंधन को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मौके पर लावारिस हालत में मिली 13 मोटरसाइकिलों और सात साइकिलों को भी जब्त कर लिया। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) की धारा 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
विश्रामपुर थाना प्रभारी प्रकाश राठौर ने बताया कि जब्त वाहनों के नंबरों और अन्य सुरागों के आधार पर फरार चोरों की पहचान और पतासाजी की जा रही है। इस अभियान में निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, एसआई प्रदीप सिदार, कृपाल सिंह और एएसआई राकेश यादव सहित अन्य जवान शामिल थे।
इस कार्रवाई की समीक्षा करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि अवैध कोयला कारोबारियों और ग्रामीणों के गठजोड़ को तोड़ने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने खदान प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि वे बाउंड्रीवॉल से होने वाले अवैध निकास को तुरंत बंद कराएं और सुरक्षाकर्मियों से सख्ती से गश्त कराएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित