सूरजपुर, फरवरी 12 -- छत्तीसगढ़ में सूरजपुर के जिला शिक्षा अधिकारी ने शासकीय प्राथमिक शाला बरपटिया के प्रधान पाठक विफल राम पैकरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मतदान केंद्र पर नशे की हालत में पहुंचकर अभद्रता करने और कर्तव्य में लापरवाही बरतने के मामले में की गई है।

शिक्षा विभाग द्वारा गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार, पैकरा आठ फरवरी को विकासखंड प्रतापपुर के बरपटिया स्थित प्राथमिक शाला भवन में बने मतदान केंद्र क्रमांक 174 के प्रांगण में नशे की हालत में पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने वहां एसआईआर कार्य में बाधा उत्पन्न की तथा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार किया।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रतापपुर की रिपोर्ट के आधार पर पैकरा से स्पष्टीकरण मांगा गया था, जिसे असंतोषजनक पाया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम तीन का उल्लंघन बताते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम नौ के तहत आज निलंबन आदेश जारी किया है।

आदेश में कहा गया है कि पैकरा ने शिक्षकीय कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही बरती और मतदान केंद्र पर अमर्यादित व्यवहार कर प्रशासनिक व्यवस्था को चुनौती दी। यह भी पाया गया कि उनके इस व्यवहार से मतदान कार्य की तैयारियां प्रभावित हुई है।

निलंबन अवधि में पैकरा का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा कार्यालय प्रेमनगर नियत किया गया है। इस दौरान वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे। उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे बिना पूर्वानुमति मुख्यालय न छोड़ें।

आदेश की प्रति संचालक लोक शिक्षण, कलेक्टर सूरजपुर एवं संयुक्त संचालक शिक्षा सरगुजा संभाग को सूचनार्थ भेजी गई है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रतापपुर को निर्देशित किया गया है कि संबंधित शिक्षक को आदेश की प्रति सौंपकर पावती जिला कार्यालय में जमा कराएं।

ज्ञात हो कि बरपटिया स्कूल में पैकरा की नियुक्ति वर्ष 2021 में प्रधान पाठक के रूप में हुई थी। इससे पूर्व भी उनके खिलाफ अनियमितता की शिकायतें मिलने की सूचना है, हालांकि विभागीय स्तर पर कोई कार्रवाई दर्ज नहीं थी।

इस निलंबन को विभाग में अनुशासनहीनता पर लगाम कसने की कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी के इस आदेश से अन्य शिक्षकों में भी अनुशासन को लेकर सख्ती का संदेश गया है।

प्रतापपुर विकासखंड के इस विद्यालय में अब पदस्थापना की वैकल्पिक व्यवस्था जल्द करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित