चंडीगढ़ , फरवरी 12 -- हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा युवाओं को भारतीय संस्कृति और अंतरराष्ट्रीय कला से जोड़ने के उद्देश्य से 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव-2026 में विशेष पहल कर रहे हैं। गोहाना विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रतिदिन मेले का भ्रमण कराया जा रहा है ताकि वे देश-विदेश की कला और परंपराओं को नजदीक से समझ सकें।
31 जनवरी से अरावली की तलहटी में आयोजित इस महोत्सव में फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ गोहाना के सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों के छात्र भी पहुंच रहे हैं। विद्यार्थियों को बसों के माध्यम से लाने और ले जाने की व्यवस्था की गई है।
मेले में छात्र पार्टनर नेशन इजिप्ट तथा थीम स्टेट उत्तर प्रदेश और मेघालय के पवेलियनों का दौरा कर रहे हैं। वे हस्तशिल्प, हथकरघा और बुनकर परंपराओं के साथ-साथ विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद ले रहे हैं।
स्वयं सहायता समूहों और केंद्र सरकार के मंत्रालयों द्वारा लगाए गए स्टॉल भी युवाओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पर्यटन मंत्री का कहना है कि सूरजकुंड मेला युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सशक्त मंच है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित