रायगढ़ , दिसंबर 13 -- छत्तीसगढ में रायगढ़ शहर के बहिदार पारा निवासी दीपक शर्मा की शुक्रवार सुबह हुई गिरफ्तारी की जानकारी परिजनों को नहीं दिए जाने से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने दीपक के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए कोतवाली थाना पहुंचकर आवेदन दिया, लेकिन पुलिस की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नाराज लोग देर रात पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के सामने गांधी प्रतिमा के पास धरने पर बैठ गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शुक्रवार सुबह दीपक शर्मा को पुलिस अपने साथ ले गई, लेकिन देर शाम तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि उसे कहां रखा गया है या किस मामले में कार्रवाई की गई है। कोतवाली में टीआई से सवाल-जवाब के बाद भी स्पष्ट जानकारी न मिलने से पुरानी बस्ती क्षेत्र के रहवासियों में रोष बढ़ गया।
धरना प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने बताया कि दीपक शर्मा के विरुद्ध तमनार पुलिस द्वारा बीएनएसएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है और उसे जेल भेजा गया है। हालांकि, किस अपराध या आशंका के आधार पर यह कार्रवाई की गई, इस संबंध में स्पष्ट जानकारी न मिलने से क्षेत्रवासी असंतुष्ट नजर आए।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि दीपक उद्योगों के खिलाफ बयानबाजी करता रहा है और इसी कारण उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने मांग की कि पुलिस प्रशासन कार्रवाई के कारणों को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करे। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि जब तक उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिलेगा, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित