सुलतानपुर , अप्रैल 29 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में सहायक संभागीय परिवहन विभाग ने विशेष अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की सघन जांच की, जिसमें 616 से अधिक स्कूल वाहन फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट अथवा वैध पंजीकरण संबंधी अनियमितताओं के साथ संचालित होते पाए गए। विभाग ने इन वाहनों के खिलाफ पंजीयन निलंबन, ब्लैकलिस्टिंग और आगे की कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। सहायक संभागीय परिवहन विभाग के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि निरीक्षण के दौरान 174 वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र समाप्त पाए गए। वहीं 215 वाहनों के परमिट की अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसके अतिरिक्त 227 ऐसे वाहन भी मिले, जिनके लिए स्कूल प्रबंधन द्वारा अभी तक परमिट ही नहीं लिया गया था।
इन अनियमितताओं के चलते 174 फिटनेस समाप्त वाहनों के पंजीकरण प्रमाण पत्र कार्यालय द्वारा निलंबित कर दिए गए हैं। 215 परमिट समाप्त वाहनों को ब्लैकलिस्ट किया गया है, जबकि बिना परमिट संचालित 227 वाहनों को भी ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।
यह कार्रवाई अपर मुख्य सचिव, परिवहन विभाग तथा परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में की गई। अधिकारियों ने यूपी मोटरयान नियमावली 1998 के अध्याय-9 (क) के तहत विद्यालयीय यानों के लिए विशेष उपबंधों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल की तैयारी तथा 01 से 15 अप्रैल तक स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।
स्कूली वाहनों की सुरक्षा, निगरानी और कानूनी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने 'यूपी इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मैनेजमेंट पोर्टल' विकसित किया है। सुलतानपुर जिले के सभी 3639 स्कूलों को इस पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया जा चुका है और उनके वाहनों का निरीक्षण भी पूरा कर लिया गया है।
कार्यालय द्वारा सभी संबंधित वाहनों को वैध फिटनेस प्रमाण पत्र और परमिट प्राप्त करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। यदि ये वाहन बिना वैध दस्तावेजों के सड़क पर चलते पाए जाते हैं, तो नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी और संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी पत्र भेजा गया है, जिसमें संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध अपने स्तर से आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित