सुलतानपुर , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के धनपतगंज के सेवरा चरथई गांव में मंगलवार सुबह बच्चों के सामने ही पति ने फोन न उठाने पर अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार जिले के धनपतगंज थानाक्षेत्र के सेवरा चरथई गांव निवासी नक्छेद सोमवार को लिंटर डालने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसने अपनी पत्नी कुसुम (42) को फोन किया। कुसुम किसी काम में व्यस्त होने के कारण फोन नहीं उठा पाई, जिससे नक्छेद नाराज हो गया। नक्छेद सोमवार रात करीब 12 बजे घर आया और कुसुम के साथ मारपीट करने लगा। घर में मौजूद उनके दो छोटे बच्चे, उदयभान (9 वर्ष) और दीक्षा (8 वर्ष), अपनी मां को बचाने आए तो नक्छेद ने उन्हें भी धक्का दे दिया। बच्चों के सामने ही उसने कुसुम को बेरहमी से डंडे से पीटा।
जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने कुसुम को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार और एसएचओ अंजू मिश्रा टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति नक्छेद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में नक्छेद ने बताया कि उसने मारपीट की थी, लेकिन उसे पत्नी की मौत का अंदाजा नहीं था।
मृतका के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके पिता गांजा पीते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित