सुलतानपुर , मार्च 08 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के बल्दीराय क्षेत्र में डबल नहर के उफान से नहर की कटान की भी संभावना बढ़ गई। इससे आसपास के करीब 10 गांवों पर खतरा मंडरा रहा है।

जानकारी के मुताबिक बल्दीराय क्षेत्र के गोविंदपुर के पास नहर का पानी ओवरफ्लो होकर दूसरी नहर में जा रहा है, जिससे आसपास के करीब 10 गांवों पर खतरा मंडरा रहा है। यह स्थिति पिछले तीन दिनों से बनी हुई है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। नहरों के ओवरफ्लो से नहर की कटान बढ़ने की आशंका है। बल्दीराय निवासी वकील अहमद ने बताया कि यदि नहर टूटती है तो गोविंदपुर क्षेत्र के लगभग 10 गांवों में पानी घुस सकता है, जिससे सैकड़ों किसानों की खड़ी फसलें और कई घर तबाह होने का खतरा है। यह समस्या लगभग तीन दिनों से बनी हुई है। इसके बावजूद, सिंचाई विभाग या स्थानीय प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि समय रहते नहर की मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम किए जाएं तो बड़े नुकसान से बचा जा सकता है। क्षेत्र के किसानों ने बताया कि इस समय खेतों में गेहूं और अन्य फसलें खड़ी हैं। यदि नहर टूटती है तो न केवल फसलें बर्बाद होंगी, बल्कि कई परिवारों के घरों तक पानी पहुंच सकता है, जिससे पूरे इलाके में भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित