सुलतानपुर , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को कंटेनर और गैस टैंकर की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार हलियापुर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 87.500 के पास एक गैस टैंकर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान हरियाणा नंबर का एक कंटेनर गुरुग्राम से पटना जा रहा था। चालक को अचानक नींद आ जाने के कारण कंटेनर ने पीछे से टैंकर में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टैंकर से तरल पदार्थ सड़क पर फैल गया और गैस रिसाव शुरू हो गया।
दुर्घटना में दोस्तपुर थाना क्षेत्र निवासी धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे घायल को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अयोध्या भेजा गया है।
सूचना मिलते ही हलियापुर थाना पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरी ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। एहतियातन एक्सप्रेस-वे पर यातायात को कुछ समय के लिए रोककर डायवर्ट किया गया। फायर कर्मी गैस रिसाव को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित