सुलतानपुर , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के धम्मौर थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना धम्मौर के रामपुर गांव निवासी विवेक चौहान का शव उसके घर में छप्पर से लटका पाया गया।
मृतक के मामा आशीष चौहान ने बताया कि घटना के समय वह बाजार गए हुए थे। सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचे तो विवेक का शव फंदे से लटका हुआ था। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने आशंका जताई है कि पहले विवेक की गला दबाकर हत्या की गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को रस्सी से छप्पर में लटका दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सूचना पर पहुंची धम्मौर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी (नगर) सौरभ सामंत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित