इंफाल , दिसंबर 30 -- मणिपुर पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), वन विभाग और नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने मणिपुर के कांगपोकपी जिले के लांगखोंग इलाके की पहाड़ी श्रृंखलाओं में लगभग 35 एकड़ में फैली अफीम की खेती को नष्ट कर दिया।
सुरक्षाकर्मियों ने अभियान के दौरान अफीम की खेती करने वालों की यहां बनी अस्थायी 12 झोपड़ियों को भी तहस-नहस कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा 13 बोरी खाद, राउंडअप हर्बिसाइड की 19 बोतलें, 16 बोरी नमक और स्प्रे पंप, पाइप और अन्य सामग्री सहित खेती के विभिन्न उपकरण मौके पर ही नष्ट कर दिये गये।
सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में राज्य के विभिन्न हिस्सों से तीन उग्रवादियों को भी गिरफ्तार किया। एक भूमिगत संगठन के सक्रिय कैडर के रूप में काम कर कर रहे एक दम्पति को भी इंफाल पश्चिम जिले के लैम्फेल पुलिस स्टेशन के तहत उनके इलाके से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह दम्पति गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल था, जिसकी जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित