इंफाल , फरवरी 28 -- मणिपुर में सुरक्षा बलों ने विभिन्न जिलों में एक श्रृंखला ऑपरेशन संचालित कर हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया और कई उग्रवादी कैडर और कथित वसूली करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया तथा मादक पदार्थ जब्त कर गैर कानूनी अफीम की खेती को नष्ट किया है।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को कई अभियान चलाए जिसमें इंफाल पश्चिम जिले के पटसोई पुलिस थाने के तहत संगाईथेल माखा लेइकाई इलाके से काफी मात्रा में हथियार और युद्ध जैसे सामान बरामद किए। जब्त किए गए सामानों में एक मॉडिफाइड .303 राइफल बिना मैगज़ीन, दो स्थानीय निर्मित एक नाली बंदूक , चार पिस्टल (हर एक में मैगज़ीन), दो नंबर 36 एचई ग्रेनेड बिना डेटोनेटर, एक एचई बम, तीन चार्जर क्लिप के साथ .303 हथियार के 15 राउंड, आठ .303 ब्लैंक कार्ट्रिज, एक एसएलआर , दो आयरन प्लेट वाली एक बुलेटप्रूफ वेस्ट, दो कैमोफ्लाज हेलमेट और तीन बैग शामिल थे।
एक और ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर ज़िले के थिंगहिजांग गांव के जंगली इलाके से हथियार और गोला-बारूद बरामद किये। बरामदगी में मैगज़ीन के साथ एक एके-47 राइफल, तीन एक नाली बंदूक , एक नाली बंदूक , स्कोप लगी एक बोल्ट-एक्शन स्नाइपर राइफल, सात 7.62एमएम फायर्ड केस और दो एसएलआर मैगज़ीन शामिल थीं।
सुरक्षा बलों ने एक सक्रिय उग्रवादी को इंफाल पश्चिम ज़िले के लामसांग पुलिस थाने के तहत उसके घर से पकड़ा है। एक अन्य ऑपरेशन में एक और सक्रिय कैडर को इंफाल पश्चिम ज़िले के सिंगजामेई पुलिस थाने के तहत उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने थौबल ज़िले के उयाल माखा लेइकाई इलाके से एक और सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। उन्होंने एक और सक्रिय कैडर को इंफाल पश्चिम ज़िले के इंफाल पुलिस थाने के तहत खुमान लम्पक इलाके से गिरफ्तार किया गया।
इस बीच पुलिस ने एक बड़े मादक पदार्थ विरोध अभियान में चुराचांदपुर ज़िले में वाईपीए रोड पर किराने की दुकान से 56 साल की महिला को गिरफ्तार किया। तलाशी अभियान के दौरान, हेरोइन पाउडर वाले पांच साबुन के डिब्बे, लगभग 5.35 किलोग्राम डब्ल्यूवाई टैबलेट, एक स्कूटर और एक मोबाइल फोन ज़ब्त किया गया।
इसी से जुड़े एक अन्य मामले में चुराचांदपुर के जिला कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर जिले के समुलमलान सब-डिवीजन के के. बुंगसांग में लगभग 10 एकड़ में लगी गैर-कानूनी अफीम की खेती को नष्ट कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित