कांकेर , फरवरी 14 -- छत्तीसगढ़ में कांकेर जिले के थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के अंतर्गत कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हथियारों का जखीरा बरामद किया है।

डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के संयुक्त दल ने ग्राम बीनागुण्डा के पास घने जंगल में तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और नक्सल साहित्य बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल कुमार राखेचा ने शनिवार को बताया कि पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. के मार्गदर्शन और उनके नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत लगातार सर्चिंग की जा रही है। इसी कड़ी में 13 फरवरी को डीआरजी और बीएसएफ के संयुक्त दल ने बीएसएफ डीआईजी (सेक्टर कन्हारगांव) ओमप्रकाश और सेनानी 94वीं वाहिनी बीएसएफ राघवेन्द्र सिंह के निर्देशन में बीनागुण्डा क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया।

इस दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में मिट्टी के नीचे छुपाकर रखा गया एक बड़ा डंप मिला। बरामद सामग्री में दो बीजीएल लांचर, दो 12 बोर के हथियार और एक एयरगन शामिल है। इसके अलावा तीन डायरेक्शन आईईडी, लगभग पांच किलोग्राम वजनी एक टिफिन आईईडी और 30 बीजीएल बम बरामद किए गए। मौके से 12 बोर के 26 राउंड, प्लास्टिक पैकेट में रखा करीब दो किलोग्राम बारूद, एक मल्टी मीटर, 12 पैकेट फटाखा, बिजली के तार के दो बंडल और अन्य नक्सल सामग्री भी बरामद हुई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कार्रवाई से न सिर्फ एक बड़ी नक्सल वारदात को विफल किया गया है, बल्कि नक्सलियों को करारा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों द्वारा लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों से माओवादियों पर दबाव बढ़ा है। बरामद आईईडी और बीजीएल बमों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि नक्सली बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन सुरक्षा बलों की त्वरित और सटीक कार्रवाई से उनके मंसूबों पर पानी फिर गया।

थाना छोटेबेठिया में बरामद सामग्री के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च अभियान जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित