बीजापुर , फरवरी 26 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इंद्रावती नदी क्षेत्र में आज सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वर्दीधारी माओवादी मारे गए हैं। मौके से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। यह मुठभेड़ उस समय हुई जब संयुक्त सुरक्षा दल माओवादी विरोधी अभियान पर निकला था।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि इंद्रावती नदी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सटीक सूचना मिलने के बाद एक संयुक्त टीम का गठन कर रवाना किया गया था। आज सुबह जैसे ही सुरक्षा बलों की टीम सर्च अभियान चला रही थी, नक्सलियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों की ओर से जवाबी कार्रवाई किए जाने पर दोनों ओर से करीब एक घंटे तक फायरिंग होती रही।
फायरिंग थमने के बाद जब इलाके की तलाशी ली गई तो वहां दो माओवादियों के शव बरामद हुए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक माओवादियों ने वर्दी पहन रखी थी। मुठभेड़ स्थल से एसएलआर राइफल, इंसास राइफल और 12 बोर की राइफल सहित कई हथियार बरामद किए गए हैं। इसके अलावा भारी मात्रा में विस्फोटक और माओवादियों के अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने बताया कि माओवादियों की मौजूदा लोकेशन और संभावित खतरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सर्च अभियान जारी रखा गया है। उन्होंने बताया कि आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मुठभेड़ की विस्तृत रिपोर्ट अलग से दी जाएगी।
गौरतलब है कि बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। हाल के दिनों में इस क्षेत्र में कई मुठभेड़ों में बड़ी संख्या में नक्सली मारे गए हैं और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि इन अभियानों से नक्सलियों की कमर टूट गई है और वे लगातार पुलिस के सामने घुटने टेकने को मजबूर हो रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित