टिहरी , दिसंबर 18 -- उत्तराखंड में चुनाव प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ एवं लोकतांत्रिक बनाने के उद्देश्य से मतदाता सूची पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के नरेंद्र नगर में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की गुरुवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

बैठक में नरेन्द्रनगर और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विशेष पुनरीक्षण अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र एवं दोहरी प्रविष्टियों को हटाने और मतदाता विवरणों के सत्यापन एवं संशोधन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।

श्री उनियाल ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है, जिससे कोई भी घुसपैठिया संवैधानिक चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित न कर सके और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था सुरक्षित बनी रहे। उन्होंने कहा कि घुसपैठ के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नीति पूरी तरह स्पष्ट है - डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट। मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए आवश्यक है और एसआईआर अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट, ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेन्द्र भंडारी, नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित