सुपौल, जनवरी 21 -- बिहार में सुपौल जिले के सदर थाने के बसबीटटी चौंक से एक दिन पहले को अपहृत किए गये युवक को पुलिस ने बुधवार को बरामद कर लिया है।

पुलिस इंस्पेक्टर रामसेवक रावत ने आज बताया कि सदर थाना क्षेत्र के सितुहर गांव निवासी राजदीप यादव 20 जनवरी को कुछ कार्य से बसबीटटी चौंक आया हुआ था ।इस बीच एक चार पहिया वाहन पर सवार सात की संख्या में अपराधियों ने राजदीप यादव के साथ मारपीट की और उसका अपहरण कर लिया था।

इस मामले में राजदीप यादव के पिता मोहित यादव ने एक लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उसके पुत्र का अपहरण किया गया है और उसके जान को खतरा है।

इस मामले में प्राथमिकी संख्या 50/26 दर्ज करने के बाद पुलिस मामले के अनुसंधान में जुट गई थी ।

श्री रावत ने कहा कि सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर निर्मली और नदी थाने के क्षेत्रों में क्ई जगहों पर छापेमारी की गई और नदी थाने के क्षेत्र में मुगराहा पुल के समीप अपहृत राजदीप यादव को बरामद कर लिया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में सात आरोपियों में दो क्रमशः निर्मली थाने के धोवियाहा गांव के रामाशीष यादव और सदर थाने के पीरकोच गांव के अजय कुमार को गिरफ्तार किया है ।अन्य पांच अपराधियों की तलाश की जा रही है ।

पुलिस इंस्पेक्टर ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया है कि पुरानी रंजिश के कारण राजदीप यादव का अपहरण किया था।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से दो मोबाइल फोन बरामद किया गया है और घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित