सुपौल, जनवरी 29 -- बिहार में सुपौल जिले के किशनपुर थाने के अन्तर्गत पिछले मंगलवार की रात तीन आभूषण की दूकानों में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने आज चोरी का सामान बरामद करने के साथ दो चोरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक(एसपी) शरथ आर एस ने आज बताया कि किशनपुर थाने के थरबीटटा बाजार में 27 जनवरी की रात कुछ चोरों ने सुबोध स्वर्णकार , छोटू स्वर्णकार और राजेश स्वर्णकार की दूकानों का ताला तोड़कर सेंधमारी की और सोना, चांदी तथा नगदी चुरा कर भाग गये थे।
एसपी ने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी संख्या 29/26 दर्ज करते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी तथा सामानों की बरामदगी के लिए सुपौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व एक पुलिस टीम का गठन किया गया था ।इस टीम ने तकनीकी/वैज्ञानिक अनुसंधान तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस मामले में संलिप्त दो चोरों क्रमशः मोहम्मद मेहंदी हसन और संजय दारू काले को गिरफ्तार कर लिया है । गिरफ्तार चोरों की निशानदेही पर चोरी के 33.30 ग्राम सोना और 2.639 किलोग्राम चांदी के जेबर बरामद किए गये हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गिरफ्तार चोरों में एक मोहम्मद मेहंदी हसन किशनपुर के थरबीटटा के वार्ड संख्या 13 का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि मेंहदी के उपर सुपौल और अररिया जिलों में गंभीर अपराधों के क्ई मामले लंबित हैं। उन्होंने कहा कि दूसरा संजय दारू काले महाराष्ट्र के सांगली जिले के अटपरी थाने के कालेवाली का रहने वाला है ।
श्री शरथ ने बताया कि चोरी के इस मामले में पुलिस की छापेमारी अभी जारी है, जिसके बाद इस मामले में संलिप्त अन्य चोरों को गिरफ्त में लिया जाएगा और चोरी की गई अन्य सामग्री भी बरामद करने की कोशिश की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित