सुपौल , जनवरी 27 -- बिहार के सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुये एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के घर के आंगन में गाड़कर रखे गये करीब 10 किलो गांजा बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने मंगलवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के चौघारा गांव निवासी ललन यादव गांजा तस्करी के धंधे में संलिप्त है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस की एक टीम ने मंगलवार को उसके घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान घर की तलाशी में कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को संदेह होने पर घर के आंगन की खुदाई कराई गई, जहां प्लास्टिक के बोरों में छिपाकर रखा गया 9 किलो, 900 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी ललन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और इसके नेटवर्क में और कौन- कौन लोग शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित