बैतूल , मार्च 22 -- इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए आयोजित सुपर-100 चयन परीक्षा रविवार को बैतूल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस परीक्षा के माध्यम से मेधावी विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें इंदौर में नि:शुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार इंजीनियरिंग वर्ग की 100 सीटों के लिए 324 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 264 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 60 अनुपस्थित रहे। वहीं मेडिकल वर्ग में 255 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
कन्या स्कूल गंज की प्राचार्य ललित लाल लिलहौरे ने बताया कि परीक्षा में गणित, विज्ञान, फिजिक्स और केमिस्ट्री विषयों से प्रश्न पूछे गए, जिनका स्तर प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के अनुरूप रखा गया था। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि संसाधनों के अभाव में भी वे इंजीनियरिंग और मेडिकल की तैयारी कर सकें।
चयनित विद्यार्थियों को इंदौर स्थित मल्हार आश्रम में नि:शुल्क आवासीय कोचिंग, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और नियमित टेस्ट सीरीज की सुविधा दी जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं और परीक्षा पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। अधिकारियों के अनुसार परिणाम शीघ्र घोषित किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित