मुंबई , फरवरी 26 -- महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। वहीं, उनके बड़े बेटे पार्थ पवार को जल्द ही पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किए जाने की संभावना है।

यह आधिकारिक घोषणा वर्ली में आयोजित पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन 2026 के दौरान की गई। राकांपा के प्रमुख और उपमुख्यमंत्री रहे अजित पवार के असामयिक निधन के बाद पार्टी की कमान संभालने के लिए सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने रखा, जिसे सभी नेताओं ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।

पार्टी के नये संगठनात्मक ढांचे में कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे (सांसद) को शामिल किया गया है। पार्टी महासचिव के पद पर पार्थ पवार की नियुक्ति की घोषणा नहीं हुयी है लेकिन माना जा रहा है कि यह ऐलान जल्द किया जाएगा।

सूत्रों का कहना है कि सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार की नियुक्तियों के पीछे का रणनीतिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा और इस गुट के बीच भविष्य में किसी भी प्रकार के विलय की संभावना पूरी तरह समाप्त हो जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित