सतारा , फरवरी 02 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दो गुटों के बीच संभावित विलय के अटकलों के बीच, महाराष्ट्र राकांपा (अजित पवार) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा है कि कोई भी सार्थक चर्चा तभी हो सकती है जब यह स्पष्ट रूप से बताया जाए कि कौन सी पार्टी किसके साथ विलय करना चाहती है।

श्री तटकरे सोमवार को कराड में महाराष्ट्र के प्रथम मुख्यमंत्री यशवंतराव चव्हाण के स्मारक पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। श्री तटकरे भी इस यात्रा के दौरान सुश्री पवार के साथ मौजूद थे।

राकांपा (शरद पवार) के प्रमुख शरद पवार द्वारा विलय के मुद्दे पर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्री तटकरे ने कहा कि वे उन पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। हालांकि उन्होंने शरद पवार गुट के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे के भावुक बयान का संज्ञान लिया। श्री तटकरे ने कहा कि श्री शिंदे को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि कौन सी पार्टी किस पार्टी में विलय करने की योजना बना रही है तभी आगे की बातचीत हो सकती है।

श्री तटकरे ने दोहराया कि दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ गठबंधन करने का सामूहिक निर्णय लिया गया था। उन्होंने कहा कि महायुति गठबंधन ने एक साथ चुनाव लड़ा और जनता से स्पष्ट जनादेश प्राप्त किया जिससे वह निर्णय मान्य साबित हुआ।

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार द्वारा लगाए गए उन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कि एक गुट राकांपा के दो गुटों के विलय को रोकने की कोशिश कर रहा है, श्री तटकरे ने तीखा पलटवार किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित